
👇 खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं
कोंडागांव, छत्तीसगढ़ – जिले के बनियागांव गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद में 30 वर्षीय बिसेश्वर नाग ने अपने 4 साल के भतीजे पर एयरगन से गोली चला दी। गोली सीधे मासूम के पेट में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन तुरंत बच्चे को लेकर केशकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने घंटों ऑपरेशन कर बच्चे की जान बचाई। फिलहाल, मासूम की हालत स्थिर बताई जा रही है और वह डॉक्टरों की निगरानी में है।
आरोपी चाचा गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपी चाचा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। यह घटना धनोरा थाना क्षेत्र के ग्राम बनियागांव की है।
बच्चे की हालत अब स्थिर: डॉक्टर
केशकाल बीएमओ डॉ. बिसेन ने बताया, “बच्चे के पेट में फंसी गोली को सफल ऑपरेशन के जरिए निकाल लिया गया है। अभी वह अस्पताल में हमारी निगरानी में है और उसकी स्थिति सामान्य बनी हुई है। हमने इसकी सूचना केशकाल थाने को दे दी है।”
यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है, वहीं पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Discover more from VPS Bharat
Subscribe to get the latest posts sent to your email.