
👇 खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं
गरियाबंद जिले की 21 वर्षीय फामेश्वरी यादव ने इतिहास रचते हुए भारतीय सेना में अग्निवीर महिला सैन्य पुलिस (WMP) के रूप में चयनित होकर छत्तीसगढ़ की पहली महिला अग्निवीर बनने का गौरव हासिल किया। यह उपलब्धि राज्य के लिए गर्व और बेटियों के आत्मबल का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फामेश्वरी को इस सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि यह केवल एक चयन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की बेटियों की हिम्मत और देशभक्ति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि फामेश्वरी ने यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों और बुलंद हौसलों के साथ कोई भी सपना साकार किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह उपलब्धि राज्य की अन्य युवतियों को भी प्रेरित करेगी और उन्हें सेना सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने का हौसला देगी। राज्य सरकार बेटियों के सशक्तिकरण और राष्ट्र सेवा में उनके हर कदम पर साथ खड़ी है। उन्होंने फामेश्वरी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता छत्तीसगढ़ की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्त्रोत बनेगी और राज्य की बेटियाँ हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगी।
प्रशिक्षण और सम्मान
फामेश्वरी यादव का चयन 24 मार्च, 2025 को घोषित परिणाम में हुआ था। अब वे 01 मई, 2025 से बेंगलुरु स्थित सेना मिलिट्री पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में अपना प्रशिक्षण प्रारंभ करेंगी। उनकी इस उपलब्धि को सम्मानित करते हुए सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर ने भी उन्हें सम्मानित किया।

फामेश्वरी की यह सफलता न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है और यह कई अन्य युवतियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
Discover more from VPS Bharat
Subscribe to get the latest posts sent to your email.